पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश
सभी कर्मचारी हरेक वर्ष 10 दिनों के वेतनीय पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश का उपयोग कर सकते हैं। इसमें पार्ट-टाइम और कज़्युअल कर्मचारी भी शामिल हैं।
इस पृष्ठ पर:
- पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा का अर्थ
- कर्मचारी यह अवकाश कब ले सकते हैं
- अवकाश के दिन कैसे जमा होते हैं
- अवकाश के लिए भुगतान
- वेतन पर्ची आवश्यकताएँ
- अवकाश के लिए सूचना और प्रमाण
- गोपनीयता
पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा का अर्थ
पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा का अर्थ कर्मचारी के परिचित कुछ व्यक्तियों द्वारा हिंसक, धमकाने वाला या अन्य अपमानजनक व्यवहार किया जाना है, जो (ये दोनों शामिल हैं):
- कर्मचारी को मजबूर या नियंत्रित करने का उद्देश्य रखता है
- उन्हें नुकसान पहुंचाता है या भयभीत करता है।
यह व्यक्ति-विशेष इनमें से कोई हो सकता है:
- कर्मचारी का निकट संबंधी
- कर्मचारी के घर का सदस्य, या
- कर्मचारी का वर्तमान या पूर्व अंतरंग जीवनसाथी।
निकट संबंधी वह होता है, जो:
- कर्मचारी का:
- पति/पत्नी या पूर्व पति/पत्नी
- डि फैक्टो पार्टनरA person who lives with the employee in a relationship as a couple on a genuine domestic basis but isn’t married to the employee. The person can be: of the same sex or different sex to the employee, or a current or former de facto partner of the employee. या पूर्व डि फैक्टो पार्टनर
- बच्चा/बच्ची
- माता/पिता
- दादा/दादी/नाना/नानी
- पोता/पोती-नाती/नतिनी
- भाई/बहन होता है
- कर्मचारी का/की वर्तमान पति/पत्नी या पूर्व पति/पत्नी या डि फैक्टो पार्टनर का बच्चा/बच्ची, माता/पिता, दादा/दादी/नाना/नानी, पोता/पोती-नाती/नतिनी, भाई/बहन होता है, अथवा
- आदिवासी या टोरेस स्ट्रेट द्वीपवासी रिश्तेदारी नियमों के अनुसार कर्मचारी से संबंधित व्यक्ति होता है।
कर्मचारी यह अवकाश कब ले सकते हैं
वेतनीय पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश प्राप्त करने की पात्रता के लिए यह आवश्यक है कि कर्मचारी को पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा का अनुभव हो रहा है।
यदि कर्मचारी को पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा के प्रभाव का सामना करने के लिए कुछ करने की आवश्यकता है और उनके लिए अपने कार्यकाल के बाहर ऐसा करना व्यावहारिक नहीं है, तो कर्मचारी यह अवकाश ले सकता है।
उदाहरण के लिए, इसमें शामिल हो सकते हैं:
- अपनी सुरक्षा, या किसी निकट संबंधी की सुरक्षा के लिए व्यवस्था करना (जिसमें आवास बदलना भी शामिल है)
- अदालती सुनवाइयों में भाग लेना
- पुलिस सेवाएँ प्राप्त करना।
पूरे अवकाश को एक ही बार में लेने की आवश्यकता नहीं है। इसे एक दिन या एक से अधिक दिनों के लिए लिया जा सकता है।
कार्य-नियोक्ता और कर्मचारी इस बात के लिए भी सहमत हो सकते हैं कि कर्मचारी एक समय में एक दिन से कम के लिए अवकाश ले।
अवकाश के दिन कैसे जमा होते हैं
सभी कर्मचारियों को 10 दिनों का वेतनीय पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश अग्रिम में मिलता है। समय बीतने के साथ उनका अवकाश जमा होने की आवश्यकता नहीं है।
इस अवकाश के लिए कर्मचारी की हकदारी हरेक 12 महीनों में कर्मचारी के काम शुरू करने की सालगिरह पर पुन: चालू हो जाती है। यदि इसका उपयोग नहीं किया जाता है, तो यह वर्ष-दर-वर्ष जमा नहीं होता है।
अवकाश के लिए भुगतान
फुल-टाइम और पार्ट-टाइम कर्मचारियों को उतने घंटों के लिए उनकी पूरी वेतन दर पर भुगतान किया जाता है, जितने घंटों के लिए वे अवकाश पर न होने के दौरान काम करते।
कैज़्युअल कर्मचारियों को उतने घंटों के लिए उनकी पूरी वेतन दर पर भुगतान किया जाता है, जितने घंटों के लिए उन्हें अवकाश लेने की अवधि में रोस्टर पर रखा गया था। यदि कोई कैज़्युअल कर्मचारी उस अवधि के दौरान अवकाश लेता है जब उन्हें काम करने के लिए रोस्टर पर नहीं रखा गया था, तो उस अवधि के लिए उन्हें भुगतान किए जाने की आवश्यकता नहीं है।
कर्मचारी की संपूर्ण वेतन दर उनकी आधारिक दर और निम्नलिखित धनराशियों का योग होती है (यदि कोई हो):
- प्रोत्साहन-आधारित भुगतान और बोनस
- लोडिंग्स
- धनराशि भत्ते
- ओवरटाइम या जुर्माना दरें
- अलग से पहचान की गई कोई अन्य धनराशि
वेतन पर्ची आवश्यकताएँ
वेतनीय पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश से संबंधित ऐसी जानकारी के बारे में नियम मौजूद हैं, जिन्हें कर्मचारी की वेतन पर्ची में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। यह वेतनीय पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश प्राप्त करते समय कर्मचारी के लिए मौजूद सुरक्षा-संबंधी खतरों को घटाने के लिए है।
वेतन पर्चियों के लिए लागू होने वाले नियमों के बारे में जानकारी प्राप्त करें।
अवकाश के लिए सूचना और प्रमाण
यदि कोई कर्मचारी वेतनीय पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा अवकाश लेता है, तो उन्हें अपने कार्य-नियोक्ता को इसके बारे में जल्दी से जल्दी बताना होगा। यह अवकाश शुरू होने के बाद भी किया जा सकता है।
कर्मचारियों को अपने कार्य-नियोक्ता को यह बताने की आवश्यकता भी है कि वे कितने समय के लिए अवकाश पर रहने की उम्मीद करते हैं।
कार्य-नियोक्ता अपने कर्मचारी से इस बात का सबूत देने की मांग भी कर सकता है कि कर्मचारी ने पारिवारिक एवं घरेलू हिंसा के प्रभाव का सामना करने के लिए अवकाश लिया था। इस प्रमाण से किसी यथोचित व्यक्ति को यह समझ में आना चाहिए कि कर्मचारी ने इसी उद्देश्य के लिए अवकाश लिया था।
यदि कर्मचारी अनुरोधित प्रमाण प्रदान नहीं करता है, तो वे संभावित रूप से अवकाश लेने के पात्र नहीं हो सकते हैं।
प्रमाण के प्रकारों में शामिल हो सकते हैं:
- वैधानिक घोषणा
- पुलिस द्वारा जारी किए गए दस्तावेज़
- अदालत द्वारा जारी किए गए दस्तावेज़, या
- पारिवारिक हिंसा समर्थन सेवा द्वारा जारी किए गए दस्तावेज़।
गोपनीयता
जब कार्य-नियोक्ताओं को इस अवकाश के आवेदन के हिस्से के रूप में किसी कर्मचारी की स्थिति के बारे में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो उन्हें इस जानकारी को गोपनीय बनाए रखने के लिए समुचित कदम उठाने होंगे। इसमें शामिल है:
- कर्मचारी द्वारा यह सूचना देने के बारे में जानकारी कि वे अवकाश ले रहे हैं
- उनके द्वारा उपलब्ध कराया गया कोई भी प्रमाण।
कुछ सीमित परिस्थितियों में कार्य-नियोक्ता इस जानकारी का खुलासा कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि ऐसा करना कानूनी रूप से आवश्यक है।